
बहराइच डेस्क। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के संरक्षित वनक्षेत्र कतर्नियाघाट इलाके में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। आज एक तेंदुए ने चलती बाइक पर बाइकसवार रिसार्ट मैनेजर पर हमला कर दिया। घटना बुधवार की शाम आम्बा-बिछिया मार्ग पर हुई जब रिसार्ट मैनेजर इस्तियाक (40) अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, इस्तियाक जब बिछिया बैरियर के निकट पहुंचे, तभी अचानक तेंदुआ उनके बाइक पर हमला कर दिया। तेंदुए ने उनके कंधे और बाइक की गद्दी पर पंजा मारा, जिससे वह बाइक से गिर गए। हालाँकि, इस्तियाक ने हिम्मत नहीं हारी और तेंदुए से संघर्ष करते रहे। यह संघर्ष करीब पांच मिनट तक चला, जिसके बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर बिछिया की ओर भागे। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस्तियाक को इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास भेजा, जहां से उन्हें पीएचसी सुजौली रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मैनेजर के कंधे और बाइक की गद्दी पर तेंदुए के पंजे के स्पष्ट निशान हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंचे वन रक्षक अब्दुल सलाम ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और लोग तेंदुए के बढ़ते आतंक से चिंतित हैं।